Erectile Dysfunction / Hamdard Sex Medicine Hindi

Hamdard Sex Medicine: फायदे, नुकसान और डॉक्टर की राय

Written by Dr. Anvi Dogra
November 10, 2025

यूनानी और हर्बल चिकित्सा में हमदर्द (Hamdard) एक जाना-माना नाम है। कंपनी वर्षों से पारंपरिक जड़ी-बूटियों के ज़रिए यौन स्वास्थ्य सुधार पर काम करती आ रही है। आजकल ऑनलाइन “सेक्स मेडिसिन” के नाम पर बहुत-सी दवाएं बेची जाती हैं, जिनमें हमदर्द के उत्पाद भी शामिल हैं। लेकिन ध्यान रखें, इन दवाओं का सेवन अपनी मर्ज़ी से करना सुरक्षित नहीं है। यौन स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी दवा को लेने से पहले हमेशा किसी योग्य डॉक्टर से सलाह लेना ज़रूरी है। इसके अलावा, इन यूनानी और हर्बल दवाओं पर अभी तक वैज्ञानिक प्रमाण और क्लिनिकल रिसर्च बहुत सीमित हैं, इसलिए इनका असर हर व्यक्ति पर अलग-अलग हो सकता है। इस आर्टिकल में हम समझेंगे कि हमदर्द की प्रमुख सेक्स मेडिसिन कौन-सी हैं, उनके बताए गए फायदे, उन्हे खाने से क्या नुकसान हो सकते हैं, और डॉक्टर इन दवाओं के बारे में क्या सलाह देते हैं।

Allo Logo

Allo asks

क्या आपको लगता है कि हर्बल या यूनानी सेक्स मेडिसिन बिना डॉक्टर की सलाह के सुरक्षित होती हैं?

Hamdard Sex Medicines क्या हैं?

हमदर्द की सेक्स मेडिसिनें यूनानी (Unani) चिकित्सा प्रणाली पर आधारित पारंपरिक हर्बल दवाएं हैं। यूनानी चिकित्सा के अनुसार, शरीर के भीतर चार तरह के रसों या तत्वों (दम, बलगम, सफरा और सैदा) का संतुलन ही स्वास्थ्य की कुंजी है। जब यह संतुलन बिगड़ता है, तो व्यक्ति को यौन कमजोरी, तनाव और आत्मविश्वास में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखकर हमदर्द कंपनी ने कई यूनानी दवाएं विकसित की हैं जो पुरुषों के यौन और प्रजनन स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का दावा करती हैं। इनमें Hamdogen Capsule, Majun Tila, Labub Kabir, Majun Arad Khurma, Dynamol Tila, Habbe Amber Momyaee जैसी दवाएं शामिल हैं। ये पारंपरिक नुस्खों से बनी होती हैं जिनमें शिलाजीत, मूसली, जायफल, केसर और अन्य जड़ी-बूटियां शामिल रहती हैं। हालांकि, ध्यान देने योग्य बात यह है कि इन दवाओं की प्रभावशीलता पर वैज्ञानिक प्रमाण बहुत सीमित हैं। अधिकांश जानकारी पारंपरिक उपयोग या छोटे अध्ययनों पर आधारित है। इस वजह से किसी भी यूनानी या हमदर्द उत्पाद को लेने से पहले क्वालिफाइड डॉक्टर की सलाह लेना बेहद ज़रूरी है।

मुख्य समस्याएं जिनमें Hamdard sex medicine का उपयोग बताया जाता है

हमदर्द की यूनानी सेक्स मेडिसिनें कई पारंपरिक जड़ी-बूटियों के मिश्रण से बनी होती हैं। इनका उपयोग उन स्थितियों में बताया जाता है, जहाँ पुरुषों को यौन स्वास्थ्य से जुड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नीचे इन प्रमुख समस्याओं को विस्तार से समझाया गया है 

इरेक्टाइल डिसफंक्शन (Erectile Dysfunction)

इरेक्टाइल डिसफंक्शन, जिसे आम भाषा में “लिंग का खड़ा न होना” कहा जाता है, पुरुषों में एक आम यौन समस्या है। इसमें व्यक्ति को यौन उत्तेजना महसूस होने के बावजूद लिंग पर्याप्त रूप से खड़ा नहीं होता, या फिर संभोग के दौरान इरेक्शन लंबे समय तक नहीं टिक पाता। हमदर्द की कुछ दवाएं रक्त प्रवाह को बेहतर करने और मानसिक तनाव कम करने में मदद करने का दावा करती हैं, जिससे इरेक्शन की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है हालांकि, हर मामले में कारण अलग होता है, इसलिए डॉक्टर की जांच के बिना कोई भी दवा लेना जोखिमभरा हो सकता है।

प्रिमेच्योर इजैक्युलेशन (Premature Ejaculation)

यह समस्या तब होती है जब पुरुष स्खलन (Ejaculation) बहुत जल्दी कर देते हैं अक्सर साथी या स्वयं की संतुष्टि से पहले। इसे शीघ्रपतन भी कहा जाता है। इसका कारण मानसिक दबाव, चिंता, हार्मोनल असंतुलन या अत्यधिक संवेदनशीलता हो सकता है। हमदर्द की दवाएं जैसे Majun Tila और Majun Salab पारंपरिक रूप से स्खलन नियंत्रित करने और यौन सहनशक्ति बढ़ाने का दावा करती हैं। हालांकि, आधुनिक चिकित्सा के अनुसार, कई बार केवल दवा से नहीं बल्कि परामर्श, थेरेपी या जीवनशैली में बदलाव से भी यह स्थिति सुधारी जा सकती है।

कमज़ोर यौन इच्छा (Low Libido)

कम यौन इच्छा या “लो लिबिडो” एक ऐसी स्थिति है जिसमें व्यक्ति को यौन गतिविधियों के प्रति रुचि नहीं रहती। इसके पीछे तनाव, नींद की कमी, थायरॉइड या टेस्टोस्टेरोन का असंतुलन जैसे कारण हो सकते हैं। हमदर्द की दवाएं जैसे Labub Kabir और Habbe Amber Momyai कामेच्छा को बढ़ाने के पारंपरिक दावे करती हैं लेकिन यदि यह समस्या लंबे समय तक बनी रहती है, तो यह किसी गंभीर हार्मोनल या मानसिक स्तिथि का संकेत भी हो सकती है इसलिए डॉक्टर की सलाह लेना ज़रूरी है।

थकान या शारीरिक दुर्बलता

अत्यधिक काम, मानसिक तनाव, नींद की कमी या गलत खानपान से शरीर जल्दी थक जाता है, और इससे यौन प्रदर्शन भी प्रभावित होता है। मदर्द की कुछ दवाएं शरीर को “वाइटल टॉनिक” यानी बलवर्धक मानती हैं और दावा करती हैं कि वे शारीरिक स्फूर्ति लौटाने में मदद करती हैं लेकिन हर थकान का इलाज हर्बल दवाओं से नहीं होता; कई बार इसके पीछे ब्लड शुगर, थायरॉइड या विटामिन की कमी जैसी चिकित्सकीय वजहें होती हैं।

शुक्राणु की कमी या बांझपन (Low Sperm Count / Infertility)

कुछ पुरुषों में शुक्राणुओं की संख्या (Sperm Count) या गुणवत्ता (Motility & Morphology) कम हो जाती है, जिससे गर्भधारण में कठिनाई होती है। हमदर्द की दवाएं जैसे Hamdogen Capsule, Majun Arad Khurma, और Majun Tila को शुक्राणु वृद्धि और प्रजनन स्वास्थ्य सुधार के लिए बताया जाता है इनमें मौजूद पारंपरिक जड़ी-बूटियाँ जैसे प्याज के बीज, शिलाजीत, मूसली और सालम मिश्री शरीर के ऊतकों और प्रजनन अंगों को पोषण देने का दावा करती हैं। फिर भी, यदि किसी व्यक्ति को लंबे समय से बांझपन की समस्या है, तो डॉक्टर से जांच कराना और उचित चिकित्सा लेना आवश्यक है, क्योंकि कभी-कभी इसका कारण हार्मोनल या जेनेटिक भी हो सकता है।

सेक्स मेडिसिन खुद से न लें

यौन स्वास्थ्य की समस्या केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक और हार्मोनल कारणों से भी जुड़ी होती है। हर व्यक्ति का शरीर, उसकी जीवनशैली और उसकी जरूरतें अलग होती हैं। इसलिए किसी भी यूनानी या हर्बल दवा का असर सभी पर समान नहीं होता। इसलिए, बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा लेना जोखिम भरा हो सकता है। कई बार इन दवाओं में मौजूद तत्व जैसे शिलाजीत, सफेद मूसली, नागकेसर या कुश्ता धातुएं कुछ लोगों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं खासकर यदि व्यक्ति को पहले से ब्लड प्रेशर, डायबिटीज़ या हार्मोनल समस्या हो। डॉक्टर की निगरानी में ही सही दवा, सही खुराक और सही अवधि तय की जा सकती है। इससे न केवल दवा का लाभ बढ़ता है, बल्कि संभावित दुष्प्रभावों से भी बचाव होता है।

Hamdard sex medicine के साइड एफएक्टस 

हालाँकि हमदर्द की दवाओं का इतिहास पुराना और भरोसेमंद माना जाता है, लेकिन आधुनिक वैज्ञानिक शोध अभी सीमित हैं। इन दवाओं को पूरक (Complementary) उपचार के रूप में देखा जाना चाहिए, मुख्य इलाज का ऑप्शन नहीं।  यदि समस्या पुरानी या गंभीर है, तो एंड्रोलॉजिस्ट या सेक्सोलॉजिस्ट से परामर्श अनिवार्य है। इन दवाओं में इस्तेमाल होने वाली अधिकांश जड़ी-बूटियाँ यूनानी चिकित्सा परंपरा से ली गई हैं, और इनके प्रभाव व्यक्ति-विशेष पर निर्भर करते हैं। यानी जो दवा एक व्यक्ति के लिए फायदेमंद हो सकती है, वही किसी दूसरे व्यक्ति में हल्के या गंभीर साइड इफेक्ट्स पैदा कर सकती है। संभावित साइड इफेक्ट्स या दुष्प्रभाव:

  • पाचन संबंधी समस्या: कुछ लोगों को गैस, पेट दर्द या दस्त जैसी शिकायत हो सकती है।
  • ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव: विशेष रूप से उन उत्पादों में जिनमें धातु या खनिज (जैसे कुश्ता फ़ौलाद, कुश्ता नुकरा) मौजूद होते हैं।
  • हार्मोनल असंतुलन: लंबे समय तक बिना डॉक्टर की निगरानी के सेवन करने पर टेस्टोस्टेरोन स्तर प्रभावित हो सकता है।
  • एलर्जिक रिएक्शन: कुछ लोगों में केसर, शिलाजीत, या अंबर जैसी सामग्री से एलर्जी हो सकती है, जिससे त्वचा पर खुजली, जलन या सूजन हो सकती है।
  • लिवर और किडनी पर असर: लगातार और अनियंत्रित उपयोग से यकृत (लिवर) और गुर्दों पर अतिरिक्त भार पड़ सकता है।

निष्कर्ष 

हमदर्द की यूनानी सेक्स मेडिसिनें पारंपरिक जड़ी-बूटियों पर आधारित हैं, लेकिन इन पर वैज्ञानिक प्रमाण सीमित हैं। बिना डॉक्टर की सलाह के इनका सेवन नुकसानदेह हो सकता है। किसी भी यौन समस्या के लिए डॉक्टर से जांच और सही उपचार लेना ही सबसे सुरक्षित तरीका है।

Most Asked Questions

क्या हमदर्द की यूनानी दवाएँ यौन कमजोरी के लिए सुरक्षित हैं?

हमदर्द की यूनानी दवाएँ पारंपरिक जड़ी-बूटियों पर आधारित होती हैं, लेकिन हर व्यक्ति की शारीरिक स्थिति अलग होती है। इनका असर और सुरक्षा व्यक्ति-व्यक्ति पर निर्भर करते हैं। इसलिए यौन कमजोरी या प्रजनन समस्या के लिए किसी भी दवा का उपयोग डॉक्टर की सलाह से ही करें।

क्या हमदर्द की यूनानी दवाएँ इरेक्टाइल डिसफंक्शन (ED) में मदद कर सकती हैं?

कुछ यूनानी दवाओं में ऐसे घटक होते हैं जो रक्त प्रवाह और ऊर्जा स्तर को सुधारने में सहायक माने जाते हैं, जिससे अप्रत्यक्ष रूप से इरेक्शन फंक्शन को सपोर्ट मिल सकता है। लेकिन ये इलाज नहीं, बल्कि सपोर्टिव भूमिका निभाते हैं। किसी भी दवा को शुरू करने से पहले एंड्रोलॉजिस्ट या सेक्सोलॉजिस्ट से परामर्श करें।

क्या हमदर्द की दवाएँ डॉक्टर के बिना ली जा सकती हैं?

नहीं। भले ही ये यूनानी या हर्बल उत्पाद हों, लेकिन इनका असर शरीर के हार्मोन, रक्त प्रवाह और मानसिक स्थिति पर पड़ सकता है। बिना डॉक्टर की सलाह के इनका सेवन नुकसानदायक साबित हो सकता है।

क्या हमदर्द की यूनानी दवाओं से साइड इफेक्ट हो सकते हैं?

आम तौर पर सही खुराक और डॉक्टर की निगरानी में ली गई यूनानी दवाएँ सुरक्षित मानी जाती हैं, लेकिन अधिक मात्रा या लंबे समय तक उपयोग से पेट दर्द, गैस, एलर्जी या नींद की समस्या हो सकती है। यदि कोई असहजता महसूस हो, तो तुरंत सेवन बंद कर डॉक्टर से संपर्क करें।

क्या हमदर्द की यूनानी दवाएँ आधुनिक एलोपैथिक दवाओं के साथ ली जा सकती हैं?

नहीं, दोनों दवाओं को एक साथ लेने से पहले डॉक्टर से परामर्श आवश्यक है। कुछ यूनानी तत्व एलोपैथिक दवाओं के असर को बढ़ा या घटा सकते हैं। इसलिए किसी भी तरह का संयोजन स्वयं से न करें।